जागो टुडे | सच की आवाज़हमारे बारे मेंसंपर्कगोपनीयता
JTJAAGO TODAYताज़ा खबरें • निष्पक्ष समाचार • जनहित की आवाज़
ताज़ा खबरदेश, प्रदेश और आपके शहर की हर बड़ी खबर

विजयपुर में शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ मोहर्रम, अकीदतमंदों ने याद की इमाम हुसैन की शहादत

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पारंपरिक मार्गों से निकले छह ताजिए, प्रशासन रहा मुस्तैद
गैपुरा/विजयपुर (मिर्जापुर)।
जनपद के छानबे क्षेत्र स्थित विजयपुर में मोहर्रम का पर्व रविवार को पूरी श्रद्धा, आस्था और आपसी सौहार्द के साथ सकुशल संपन्न हो गया। विभिन्न मोहल्लों से निकाले गए ताजियों के दौरान माहौल पूरी तरह मातमी रहा। अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की शहादत को याद करते हुए मातमी नारों के साथ जुलूस में भाग लिया।
पारंपरिक मार्गों से होकर तकिया दरगाह पहुंचे ताजिए
इस वर्ष विजयपुर क्षेत्र में कुल छह भव्य ताजिए निकाले गए, जिनमें एक ताजिया मिश्रपुर से भी शामिल हुआ। इसके अलावा तुरकान मोहल्ला, छिपहटी मोहल्ला, दुधिया मोहल्ला और सइयान मोहल्ला सहित अन्य क्षेत्रों से उठे ताजिए अपने पारंपरिक मार्गों से होते हुए गंतव्य स्थान 'तकिया दरगाह' पहुंचे। जुलूस के दौरान सुरक्षा के बीच बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। पूरे क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और धार्मिक सौहार्द का अनूठा वातावरण देखने को मिला।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, अधिकारियों ने डाला डेरा
मोहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। गैपुरा चौकी प्रभारी सुरेशचंद्र द्विवेदी अपने पुलिस बल के साथ लगातार रूट और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं, संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (SP City) नितेश सिंह ने भी खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व विभाग की ओर से कानूनगो उमाकांत मिश्रा एवं लेखपाल राहुल कुमार भी पूरे समय मुस्तैद रहे।
जनता ने सराहा, आयोजकों ने जताया आभार
प्रशासनिक अधिकारियों की कड़ी निगरानी और पुलिस की चौकसी के चलते पूरा कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के बेहद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और प्रशासनिक चाक-चौबंद व्यवस्था की मुक्तकंठ से सराहना की। ताजियादारों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए पुलिस, प्रशासन और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया।
इस खबर को साझा करें: