जमालपुर। बहुआर गांव स्थित रविन्द्रालय में चल रही नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा में शुक्रवार को भक्ति की ऐसी बयार बही कि पूरा पंडाल राममय हो उठा। बाल विदुषी शिखा तिवारी ने बालि-सुग्रीव युद्ध, सुरसा द्वारा हनुमान जी की परीक्षा, हनुमान जी के लंका प्रवेश, विभीषण से भेंट तथा अशोक वाटिका में माता सीता से हनुमान जी मिलन का मार्मिक एवं प्रभावशाली वर्णन किया। प्रसंगों के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर कथा में डूबे रहे।

कथा के बीच-बीच में ‘राम सीता राम, राम सियाराम’ सहित भक्ति गीतों की गूंज से पूरा पंडाल झूम उठा। वातावरण में जय श्रीराम के जयकारे और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व विधायक जगदंबा सिंह पटेल, पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र सिंह पटेल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष विजय बाबू मिश्रा तथा मझवां विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रोहित शुक्ला लल्लू ने मानस पीठ पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए।
कथा के समापन पर आरती हुई। एकादशी पर्व के चलते श्रद्धालुओं के बीच फल का प्रसाद वितरित किया गया। श्रीराम कथा यज्ञ समिति के व्यवस्थापक रविप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कथा का आयोजन किया जा रहा है और यह आयोजन लगातार दसवें वर्ष हो रहा है।