मिर्जापुर (ब्यूरो)। जनपद की कछवां थाना पुलिस और एसओजी व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्वर्ण व्यवसायी से हुई सनसनीखेज लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 03 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
दुकान बढ़ाकर घर लौटते समय हुई थी लूट
मिली जानकारी के अनुसार, गत 28 जून 2026 को कछवां बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी अजय केशरी रात लगभग 08:00 बजे जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सबेसर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनसे लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में कछवां थाने में धारा 309(4) व 352 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जांच में जुटी थी।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से दबोचे गए बदमाश
पुलिस अधीक्षक मीरजापुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित तीन पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। दिनांक 29 जून 2026 को कछवां पुलिस व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर दामोदरपुर बस्ती के पास मझांवा ग्राम से घेराबंदी कर दो अभियुक्तों—अमन दुबे और कपिल यादव को गिरफ्तार किया। इसके बाद इनकी निशानदेही पर घटना के तीसरे मुख्य आरोपी गणेश प्रताप सिंह को धनैता मार्ग पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
जेल में बनी थी लूट की योजना
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त अमन दुबे ने बताया कि अंबेडकर नगर जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात मिर्जापुर के शातिर अपराधी गणेश प्रताप सिंह से हुई थी। जेल से छूटने के बाद गणेश ने उसे मिर्जापुर बुलाया, जहां उनकी मुलाकात कपिल यादव से हुई। इन तीनों ने मिलकर कछवां क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी की रेकी की और लूट की इस घटना को अंजाम दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
गणेश प्रताप सिंह (उम्र करीब 26 वर्ष), निवासी- बगहा, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर। (इसके खिलाफ पहले से हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 8 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं)।
अमन दुबे (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी- ककरापार, थाना जहांगीरगंज, जनपद अंबेडकरनगर। (इसके खिलाफ पूर्व में भी लूट व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं)।
कपिल यादव (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी- मझांवा, थाना कछवां, जनपद मिर्जापुर।
पुलिस द्वारा बरामदगी:
05 अदद पायल (सफेद धातु)
02 अदद टॉप्स (पीली धातु)
01 अदद लॉकेट (पीली धातु)
01 अदद मोबाइल फोन
01 अदद देशी तमंचा 315 बोर एवं 01 अदद जिंदा कारतूस
घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल
पुलिस टीम को सराहना
इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कछवां थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, उप निरीक्षक श्रीनिवास राय और एसओजी/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह मय टीम शामिल रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
मिर्जापुर से संवाददाता गौतम शर्मा की खास रिपोर्ट