राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में मानसून से पहले हुई छिटपुट बारिश ने भीषण गर्मी से काफी राहत दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बरसात का यह सिलसिला गुरुवार तक जारी रहेगा। इसके बाद गर्म पछुआ हवा तपिश बढ़ाएगी। इसकी वजह से शनिवार से अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि के आसार हैं।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को पश्चिमी और पूर्वी प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा संग कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
पूर्वांचल के कई जिलों में गुरुवार के हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। शुक्रवार से मौसम में फिर बदलाव होगा। अगले तीन-चार दिनों तक दिन का पारा कई हिस्सों में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान कुछ जगहों पर लू और हीटवेव की भी चेतावनी जारी की गई है।